एसपी के औचक निरीक्षण में खुली पोल, 13 पुलिसकर्मी सस्पेंड, 19 पर गिरी विभागीय जांच की गाज

Share This

ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामलों पर आजमगढ़ पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने विभिन्न निरीक्षणों में सामने आई खामियों के आधार पर 13 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है, जबकि 19 अन्य के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इसलिए हुए सस्पेंड

जानकारी के मुताबिक हाल के दिनों में पुलिस अधीक्षक द्वारा अलग-अलग स्थानों पर औचक निरीक्षण और ड्यूटी की समीक्षा की गई थी। इस दौरान कई पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का सही तरीके से निर्वहन करते नहीं मिले। कुछ कर्मचारी बिना स्वीकृत अवकाश के ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए, जबकि कई जगहों पर तैनात कर्मी निर्धारित स्थानों पर मौजूद नहीं थे।

बकरीद जैसे संवेदनशील पर्व के दौरान भी कुछ पुलिसकर्मियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े हुए। जांच में सामने आया कि कई पीआरवी कर्मियों ने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर रहने के बजाय वाहन अन्य स्थानों पर खड़ा कर रखा था। वहीं कुछ जवान ड्यूटी के दौरान आराम करते हुए मिले, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जताई गई।

कार्यप्रणाली नहीं पाई गई संतोषजनक

टोल प्लाजा और अन्य महत्वपूर्ण प्वाइंट्स पर लगाए गए पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली भी संतोषजनक नहीं पाई गई। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की निगरानी में अपेक्षित सतर्कता नहीं दिखाई गई। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर पुलिसकर्मी सक्रिय जांच-पड़ताल के बजाय निष्क्रिय अवस्था में मिले।

इन सभी तथ्यों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने सख्त संदेश देते हुए दोषी पाए गए कर्मियों पर कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और ड्यूटी के प्रति लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। भविष्य में भी निरीक्षण जारी रहेंगे और जिम्मेदारियों में कोताही बरतने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *