प्रतापगढ़ जिले में महेशगंज थाना प्रभारी के कथित आपत्तिजनक बयान को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर रविवार को एक ऑडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया, जिसमें थाना प्रभारी राधे बाबू द्वारा एक विशेष समाज को लेकर अमर्यादित टिप्पणी किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। इस घटना के बाद ब्राह्मण समाज में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है और लोगों ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ये था मामला
मामला शनिवार शाम का बताया जा रहा है, जब महेशगंज क्षेत्र के एक गांव में ब्राह्मण परिवार के बीच आपसी विवाद हुआ था। घटना की जानकारी लेने के लिए जब थाना प्रभारी को फोन किया गया, तो बातचीत के दौरान कथित रूप से उन्होंने विवादित और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। यही बातचीत का ऑडियो अब वायरल हो गया है, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस प्रशासन से अपेक्षा की जाती है कि वह सभी समुदायों के साथ समान और सम्मानजनक व्यवहार करे। ऐसे में किसी भी अधिकारी द्वारा किसी समाज विशेष पर टिप्पणी करना बेहद निंदनीय है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित थाना प्रभारी का व्यवहार पहले भी कई बार विवादों में रहा है, जिससे उनकी कार्यशैली पर सवाल उठते रहे हैं।
एसपी ने लिया संज्ञान
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल संज्ञान लिया है और थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया है। इसके अलावा पूरे प्रकरण की जांच सीओ सदर को सौंप दी गई है। एसपी कार्यालय की ओर से कहा गया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।