सीतापुर में पुलिस मुठभेड़, 50-50 हजार के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार

Share This

सीतापुर जिले में अटरिया पुलिस और एसओजी टीम को सोमवार सुबह बड़ी सफलता हाथ लगी। संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुठभेड़ में 50-50 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान बदमाशों के कब्जे से करीब सात लाख रुपये कीमत के जेवरात, नकदी, तमंचे और चोरी में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई है।

दोनों हैं इनामी

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सिधौली क्षेत्र के बाड़ी निवासी मोहम्मद फरीद और सदना के नंदवन निवासी बैजनाथ उर्फ धीरज के रूप में हुई है। दोनों अपराधियों पर आईजी रेंज द्वारा 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार दोनों लंबे समय से चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं में वांछित चल रहे थे।

एएसपी ने दी जानकारी

अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों बदमाश अटरिया क्षेत्र में मौजूद हैं। इसके बाद अटरिया पुलिस और एसओजी टीम ने नहर कोठी के पास घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली दोनों बदमाशों के पैर में लगी, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया।

पूछताछ में आरोपितों ने जिले में हुई चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और चोरी के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। घटना के बाद इलाके में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *