बरेली। एक दरोगा पर महिला ने शादी का झांसा देकर शोषण करने, धोखाधड़ी और उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से शिकायत कर अपने और दरोगा के संबंधों से जुड़े कई साक्ष्य भी सौंपे हैं। शिकायत के बाद पुलिस विभाग ने आरोपी दरोगा नरेश बाबू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की जांच एसपी दक्षिणी को सौंपी गई है।
ये है मामला
महिला का आरोप है कि वर्ष 2025 में बारादरी थाने में एक मामले को लेकर उसकी मुलाकात दरोगा से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। महिला का दावा है कि दरोगा उसे पत्नी की तरह रखता था और कई मौकों पर दोनों साथ बाहर भी गए। उसने अधिकारियों को कुछ तस्वीरें और वीडियो भी उपलब्ध कराए हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार, दरोगा ने अपनी पहली पत्नी से अलग होकर उससे शादी करने और पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसी विश्वास में वह लंबे समय तक उसके साथ रही। महिला ने आरोप लगाया कि फरवरी 2026 में दरोगा बेटे की शादी का हवाला देकर उससे करीब आठ लाख रुपये के जेवर ले गया, जिन्हें वापस मांगने पर विवाद शुरू हो गया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि गर्भवती होने की जानकारी मिलने के बाद दरोगा उसे अस्पताल ले गया, जहां कथित तौर पर गर्भपात की दवा दी गई। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उसने दरोगा और उसके परिवार के सदस्यों पर घर पहुंचकर अभद्रता और मारपीट करने का भी आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक, दरोगा का कुछ समय पहले बारादरी थाने से सिरौली थाने में तबादला हुआ था। इसके बाद वह छुट्टी पर चला गया था। पांच जुलाई की रात सड़क हादसे में घायल होने के बाद वह अस्पताल में भर्ती था। महिला का कहना है कि उसने इलाज में मदद की, लेकिन बाद में दरोगा के परिवार वालों ने उसके साथ गलत व्यवहार किया।
एसएसपी ने की कार्रवाई
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर दरोगा को निलंबित किया गया है। पूरे मामले की विभागीय जांच चल रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।