मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सबसे प्रमुख धार्मिक यात्राओं में शामिल कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) भानु भास्कर और मेरठ परिक्षेत्र के उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) कलानिधि नैथानी ने मेरठ से बागपत तक कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
मंदिर पहुंचे अफसर
निरीक्षण के दौरान दोनों वरिष्ठ अधिकारी बागपत स्थित ऐतिहासिक पुरा महादेव मंदिर भी पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक कर कांवड़ यात्रा के सफल और सकुशल आयोजन की कामना की। इसके बाद मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने मार्ग में पार्किंग, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
ये है लक्ष्य
प्रशासन का उद्देश्य है कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके लिए पुलिस, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा से पहले सभी व्यवस्थाओं का दोबारा परीक्षण किया जाएगा, ताकि यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रहें।