IGRS निस्तारण में बरेली पुलिस का जलवा, लगातार 5वीं बार प्रदेश में नंबर-1

Share This

 

 

बरेली पुलिस ने जन शिकायतों के निस्तारण में एक बार फिर बड़ा रिकॉर्ड कायम किया है। आईजीआरएस (IGRS) पोर्टल पर शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान में बरेली पुलिस ने लगातार पांचवीं बार प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। अप्रैल 2026 की रैंकिंग में जिले ने न सिर्फ शीर्ष स्थान बनाए रखा, बल्कि एक भी शिकायत डिफॉल्टर नहीं होने का भी रिकॉर्ड बनाया है।

एसएसपी के नेतृत्व में मिली सफलता

यह उपलब्धि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के नेतृत्व में हासिल हुई है। एसएसपी ने शिकायत निस्तारण प्रणाली को केवल औपचारिकता न मानकर इसे जवाबदेही और जनविश्वास का अहम हिस्सा बनाया है।

शासन स्तर पर हर महीने होने वाली समीक्षा में समयबद्ध कार्रवाई, गुणवत्ता, शिकायतकर्ता से संवाद और संतुष्टि जैसे मानकों पर मूल्यांकन किया जाता है। इन सभी पैमानों पर बरेली पुलिस ने पूरे प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।

Image

Image

जिले के कुल 28 थानों ने इस बार 100 में से 100 अंक प्राप्त किए हैं। इनमें शहर और देहात दोनों क्षेत्रों के प्रमुख थाने शामिल हैं। कोतवाली, प्रेमनगर, कैंट, बारादरी, इज्जतनगर, महिला थाना, फरीदपुर, भोजीपुरा, बहेड़ी और नवाबगंज जैसे थानों ने भी शीर्ष रैंक हासिल की है।

ऐसे आई अव्वल

अप्रैल माह में बरेली पुलिस से संबंधित कुल 1154 शिकायतों का निस्तारण किया गया, जिन पर शासन स्तर से फीडबैक लिया गया। इनमें से 1111 शिकायतकर्ताओं ने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताया, जो 96.27 प्रतिशत संतुष्टि दर को दर्शाता है। वहीं 98.27 प्रतिशत मामलों में पुलिस अधिकारियों द्वारा सीधे शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर जानकारी साझा की गई।

आईजीआरएस प्रणाली के नियमों के अनुसार समय सीमा में निस्तारण न होने पर शिकायत को डिफॉल्टर माना जाता है, लेकिन बरेली पुलिस का एक भी मामला इस श्रेणी में नहीं आया। अधिकारियों का कहना है कि नियमित मॉनिटरिंग, समयबद्ध समीक्षा और सख्त जवाबदेही व्यवस्था से यह सफलता संभव हो सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *