यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड पुलिस उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को लेकर बड़ा स्पष्टीकरण जारी किया है। बोर्ड ने कहा कि परीक्षा के दौरान 282 अभ्यर्थियों ने ओएमआर उत्तर पुस्तिका में गलत बुकलेट संख्या दर्ज कर दी थी। हालांकि अभ्यर्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने त्रुटियों का सत्यापन कर सही बुकलेट नंबर के आधार पर मूल्यांकन कराया है।
जारी हुआ बयान
भर्ती बोर्ड की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि परीक्षा के दौरान बार-बार निर्देश देने के बावजूद कई अभ्यर्थी रोल नंबर, बुकलेट संख्या और अन्य महत्वपूर्ण विवरण भरने में गलती कर देते हैं। इसके बावजूद बोर्ड आवेदन पत्र, प्रवेश पत्र और अन्य दस्तावेजों के जरिए सही जानकारी का मिलान कर अभ्यर्थियों की ओएमआर शीट प्रोसेस करता है, ताकि छोटी त्रुटियों के कारण उनका अवसर प्रभावित न हो।
बोर्ड के मुताबिक कुछ अभ्यर्थियों ने स्वयं आवेदन देकर गलत बुकलेट संख्या दर्ज होने की जानकारी दी थी, जबकि कुछ मामले मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान सामने आए। सभी मामलों की जांच के बाद सही बुकलेट संख्या के आधार पर अभ्यर्थियों की कॉपियों का मूल्यांकन कराया गया।
भर्ती बोर्ड ने सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक सूचनाओं को लेकर भी सख्त रुख अपनाया है। बोर्ड ने कहा कि तथ्यहीन और भ्रम फैलाने वाली पोस्ट प्रसारित करना अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा नियंत्रक ने कहा ये
परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी बयान में अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे अपुष्ट दावों से बचें। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि अभ्यर्थियों के हितों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है।