नोएडा पुलिस की खिलाड़ी बेटी को मिला स्टार, सिपाही से SI बनीं मधु सिंह

Share This

नोएडा पुलिस में तैनात महिला आरक्षी मधु सिंह को अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर शानदार खेल प्रदर्शन के लिए उपनिरीक्षक पद पर पदोन्नति दी गई। इस अवसर पर नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने उन्हें स्टार लगाकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इसलिए मिला सम्मान

उपनिरीक्षक मधु सिंह ने ताइक्वांडो में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कई प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में देश और विभाग का नाम रोशन किया है। उन्होंने वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप, 4th नेशनल चैंपियनशिप कटक, 3rd सीनियर नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप, 2nd वूमेन्स लीग ताइक्वांडो चैंपियनशिप और Mt. Everest International Open Taekwondo Championships 2026 में गोल्ड मेडल जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। इसके अलावा 40वीं नेशनल चैंपियनशिप 2025 में सिल्वर मेडल और 38वें नेशनल गेम्स उत्तराखंड में ब्रॉन्ज मेडल भी अपने नाम किया।

अफसरों ने की सराहना

मधु सिंह की इस उपलब्धि को लेकर पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है। अधिकारियों का कहना है कि उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को विभाग हमेशा प्रोत्साहित करता रहेगा।

सम्मान समारोह के दौरान मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उपनिरीक्षक मधु सिंह को बधाई दी। पुलिस विभाग का मानना है कि उनकी उपलब्धियां युवा खिलाड़ियों और महिला पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत साबित होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *