फार्म हाउस गैंगरेप केस में बड़ा एक्शन, यूपी पुलिस का सब-इंस्पेक्टर समेत चार आरोपी गिरफ्तार

Share This

अमरोहा के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में एक फार्म हाउस में 23 वर्षीय युवती से कथित गैंगरेप के मामले में यूपी पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में हसनपुर थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर संजय तोमर भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, युवती की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और उन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है।

ये है मामला

पुलिस के अनुसार, घटना 22 और 23 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात की बताई जा रही है। आरोप है कि हसनपुर क्षेत्र के झुलपुरी स्थित एक फार्म हाउस में युवती के साथ जबरदस्ती की गई। शिकायत में युवती ने यूपी पुलिस के सब-इंस्पेक्टर संजय तोमर के अलावा दो CRPF कर्मियों और एक अन्य पुलिसकर्मी पर गैंगरेप का आरोप लगाया है।

शुरुआती पुलिस जांच के मुताबिक, युवती पहले से CRPF के हेड कॉन्स्टेबल मोहित उर्फ विक्की और CRPF इंस्पेक्टर लालाराम यादव को जानती थी। पुलिस का कहना है कि 22 सितंबर को युवती दोनों CRPF कर्मियों के साथ अमरोहा के हसनपुर इलाके में पहुंची थी। इसी दौरान मोहित की मुलाकात अपने पुराने परिचित और हसनपुर थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर संजय तोमर से हुई।

इसके बाद सभी लोग एक फार्म हाउस पहुंचे, जहां दो कमरे किराये पर लिए गए थे। पुलिस के मुताबिक, कुछ समय बाद हेड कॉन्स्टेबल प्रमोद भी खाना लेकर वहां पहुंचा। इसी दौरान युवती ने अपने साथ जबरदस्ती किए जाने की शिकायत की।

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित किया। उसकी लिखित शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया। पुलिस अब पीड़िता के बयान, घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में सब-इंस्पेक्टर संजय तोमर, CRPF हेड कॉन्स्टेबल मोहित उर्फ विक्की, CRPF इंस्पेक्टर लालाराम यादव और हेड कॉन्स्टेबल प्रमोद शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में जिसकी जो भूमिका सामने आएगी, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *