ताजमहल देखने आने वाले विदेशी पर्यटकों के बीच उत्तर प्रदेश पुलिस की संवेदनशीलता एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई। इस बार ताज सुरक्षा पुलिस की महिला आरक्षी ने अपनी तत्परता और व्यवहार से अर्जेंटीना से आई एक महिला पर्यटक का दिल जीत लिया। घटना के बाद पर्यटक ने मुस्कुराते हुए यूपी पुलिस का आभार जताया।
ये है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह अर्जेंटीना से आए पर्यटकों का एक समूह ताजमहल के पश्चिमी गेट से स्मारक का दीदार करने पहुंचा। समूह में शामिल एक महिला भारतीय संस्कृति से प्रभावित होकर साड़ी पहनकर आई थीं। हालांकि, साड़ी पहनने का अनुभव कम होने की वजह से उन्हें चलने और उसे संभालने में दिक्कत होने लगी।
महिला पर्यटक की परेशानी पर तैनात ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम की महिला आरक्षी गुड्डी देवी की नजर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए पर्यटक की मदद की और साड़ी को ठीक तरीके से व्यवस्थित किया, जिससे महिला सहज होकर ताजमहल का भ्रमण कर सकीं।
महिला आरक्षी की इस मदद से विदेशी पर्यटक बेहद खुश हुईं और उन्होंने “थैंक यू यूपी पुलिस” कहकर अपनी खुशी जाहिर की। वहां मौजूद अन्य पर्यटकों ने भी पुलिस के इस व्यवहार की सराहना की।
ताज सुरक्षा पुलिस का कहना है कि ताजमहल आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को सुरक्षित और सहज माहौल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पुलिस कर्मियों को पर्यटकों के प्रति सहयोगी और संवेदनशील व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगरा से पर्यटक सकारात्मक अनुभव लेकर लौटें।
इस सिद्धांत पर काम कर रही यूपी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ताज सुरक्षा पुलिस लगातार “सेवा, सुरक्षा और संवेदना” के सिद्धांत पर काम कर रही है। पर्यटकों की छोटी-बड़ी जरूरतों में मदद करना भी इसी प्रयास का हिस्सा है। इस मौके पर उपनिरीक्षक शिवराज सिंह, मुख्य आरक्षी किरण पाल सिंह, आरक्षी दुर्गेश कुमार और महिला आरक्षी गुड्डी देवी ड्यूटी पर मौजूद थे।
महिला आरक्षी की इस छोटी-सी पहल ने न केवल विदेशी पर्यटक का अनुभव बेहतर बनाया, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस की मानवीय और मित्रवत छवि को भी मजबूत किया।