उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में सड़क की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे स्कूली बच्चों और पुलिस के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। बच्चों का आरोप है कि वे अपनी समस्या लेकर अधिकारियों के पास पहुंचे थे, लेकिन उन्हें समझाने के बजाय पुलिस ने उन्हें वहां से हटाने की कोशिश की। इस दौरान एक इंस्पेक्टर के बच्चों को हड़काने का वीडियो सामने आया है।
बच्चों को इंस्पेक्टर ने लगाई फटकार
मामला हमीरपुर के कुरारा ब्लॉक की ग्राम पंचायत चंदपुर से जुड़ा है। यहां करीब आधा दर्जन डेरों को जोड़ने वाली सड़क लंबे समय से खराब बताई जा रही है। इसी समस्या को लेकर बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। बच्चे अपनी मांग जिलाधिकारी तक पहुंचाना चाहते थे और उनके चेंबर में जाने की कोशिश कर रहे थे।
इसी दौरान पुलिस को बच्चों को वहां से हटाने के लिए लगाया गया। वायरल वीडियो में एक इंस्पेक्टर बच्चों को सख्त लहजे में फटकारते और वहां से हटने के लिए कहते नजर आ रहे हैं। पुलिस के इस रवैये से बच्चे सहमे भी दिखाई दिए।
‘बहुत हो गया, हटो यहां से’
वीडियो में इंस्पेक्टर बच्चों को कथित तौर पर कड़े शब्दों में फटकार लगाते हुए वहां से जाने के लिए कहते सुनाई दे रहे हैं। पुलिस की सख्ती के बीच ज्यादातर बच्चे वहां से हटने लगे, लेकिन कुछ बच्चियों ने अपनी मांग छोड़ने से इनकार कर दिया।
दो बच्चियां जमीन पर बैठ गईं और उन्होंने कहा कि जब तक उनकी सड़क की समस्या का समाधान नहीं होता, वे वहां से नहीं जाएंगी। उनका कहना था कि सड़क बनवा दी जाए, इसके बाद वे खुद वापस चली जाएंगी।
वीडियो वायरल होने के बाद उठे सवाल
बच्चों के साथ पुलिस के व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद कई लोगों ने सवाल किया कि अपनी बुनियादी समस्या को लेकर अधिकारियों के पास पहुंचे स्कूली बच्चों के साथ पुलिस को किस तरह पेश आना चाहिए था।
इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके और प्रवक्ता सौरव दास ने भी बच्चों का समर्थन किया है। दोनों की ओर से बच्चों से जुड़ा वीडियो शेयर कर सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए गए हैं।