लखनऊ के गोमतीनगर थाने में सिपाही ने दी जान, बैरक के कमरे में मिला शव

Share This

लखनऊ के गोमतीनगर थाने में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब थाने की बैरक में एक सिपाही का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 2019 बैच के सिपाही आकाश यादव के रूप में हुई है। आकाश थाने की क्राइम टीम में तैनात थे। घटना बैरक की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

शुरू हुई जांच

जानकारी के अनुसार, बैरक में मौजूद पुलिसकर्मियों को काफी देर तक आकाश के कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। साथी पुलिसकर्मी सतीश ने दरवाजा खटखटाकर उन्हें आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। संदेह होने पर उसने दरवाजे के ऊपर बने रोशनदान से कमरे के भीतर देखा। वहां आकाश का शव फंदे से लटका दिखाई दिया।

इसके बाद थाने के अन्य पुलिसकर्मियों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने शव को नीचे उतारा और अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। टीम ने कमरे की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

आकाश यादव मूल रूप से बिजनौर के चांदपुर थाना क्षेत्र स्थित खेड़की गांव के रहने वाले थे। वह विवाहित थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2020 से 2024 तक उन्होंने चिनहट थाने में ड्यूटी की। वर्ष 2024 में उनका तबादला गोमतीनगर थाने में हुआ था। इसके बाद से वह क्राइम टीम में काम कर रहे थे।

इंस्पेक्टर ने कहा ये

गोमतीनगर इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि घटना की जानकारी मृतक सिपाही के परिजनों को दे दी गई है। उनके लखनऊ पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव को फिलहाल पुलिस ने अपने कब्जे में रखा है।

पुलिस के अनुसार, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सिपाही ने यह कदम क्यों उठाया। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर भी मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *