एटा: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी अपराधी वीरेंद्र मारा गया। मुठभेड़ पिलुआ थाना क्षेत्र के सुन्ना नहर के पास हुई। इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया, जबकि बदमाश का एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, मारे गए बदमाश की पहचान वीरेंद्र के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मैनपुरी जिले के हरचंदपुर का रहने वाला था। उसके खिलाफ 53 मुकदमे दर्ज थे। पुलिस उसे लंबे समय से तलाश रही थी। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसके शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं, घायल पुलिसकर्मी को भी उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अलीगंज में सर्राफा कारोबारी से की थी 60 लाख की लूट
जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र पर एटा जिले के अलीगंज में सर्राफा कारोबारी से करीब 60 लाख रुपये की लूट करने का आरोप था। यह वारदात 22 अक्टूबर को हुई थी। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले उन्नाव से बाइक चोरी की और फिर अगले दिन अलीगंज में सर्राफा कारोबारी को निशाना बनाकर लूट की घटना को अंजाम दिया।
वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीजी आगरा जोन एसके भगत ने 25 अक्टूबर को वीरेंद्र पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
फरार साथी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस मुठभेड़ में वीरेंद्र की मौत के बाद अब उसके फरार साथी को पकड़ने के लिए तलाश अभियान चला रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लूट की वारदात में और कौन-कौन शामिल था।
फिलहाल, मुठभेड़ से जुड़े अन्य तथ्यों और फरार आरोपी की पहचान को लेकर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद मामले में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।