फतेहपुर: करवा चौथ के अवसर पर फतेहपुर पुलिस अधीक्षक ने महिला पुलिसकर्मियों के लिए सराहनीय पहल की है। आगामी 29 तारीख को करवा चौथ का व्रत और पर्व मनाया जाना है, जिसके दृष्टिगत जिले में तैनात विवाहित महिला पुलिसकर्मियों को ड्यूटी से मुक्त रखने का आदेश जारी किया गया है।
एसपी ने कहा ये
पुलिस अधीक्षक फतेहपुर द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जनपद के समस्त थानों, चौकियों, कार्यालयों एवं विभिन्न शाखाओं में कार्यरत विवाहित महिला पुलिसकर्मियों को दिनांक 29 को करवा चौथ के अवसर पर उस दिवस के कार्य और ड्यूटी से विमुक्त किया जाता है, जिससे कि वे अपने पारिवारिक दायित्वों एवं व्रत का सुगमतापूर्वक निर्वहन कर सकें।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन क्षेत्रों और थानों में कानून व्यवस्था बनाए रखना अत्यंत अपरिहार्य हो, वहां संबंधित क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी अपने स्तर पर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे, ताकि पुलिसिंग प्रभावित न हो। साथ ही समस्त संबंधित थाना एवं शाखा प्रभारी इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करेंगे तथा विमुक्त होने वाली महिला कर्मियों की सूची अपने स्तर पर तैयार कर लेंगे।
जारी हुआ आदेश
यह आदेश पत्रांक वाचक/एसपी-निर्देश (मौखर)/2026 दिनांक अक्टूबर 2026 के तहत जारी किया गया है। इसकी प्रतिलिपि अपर पुलिस अधीक्षक फतेहपुर, समस्त क्षेत्राधिकारी और प्रतिसार निरीक्षक सहित सभी शाखा प्रभारी, थाना प्रभारी और डीसीआरबी को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजी गई है।
पुलिस अधीक्षक के इस फैसले की जिले भर में सराहना हो रही है। महिला पुलिसकर्मी अक्सर त्योहारों पर ड्यूटी के कारण व्रत नहीं रख पाती थीं, लेकिन इस आदेश से उन्हें अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने का मौका मिलेगा।