UP होमगार्ड भर्ती 2025: कट-ऑफ के बराबर नंबर वालों का क्यों नहीं हुआ चयन, बोर्ड ने दी सफाई

Share This

 

लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स के पदों पर एनरोलमेंट 2025 का अंतिम चयन परिणाम 3 अक्टूबर 2026 को घोषित कर दिया है। रिजल्ट घोषित होने के बाद सोशल मीडिया पर कई अभ्यर्थियों ने सवाल उठाए थे कि उनके मार्क्स कट ऑफ मार्क्स के बराबर होने के बावजूद उनका चयन नहीं हुआ है।

फैलायी जा रही भ्रामक जानकारी

अब इस मामले पर भर्ती बोर्ड ने स्थिति स्पष्ट की है। बोर्ड ने बताया कि सोशल मीडिया पर कतिपय अभ्यर्थियों द्वारा भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। बोर्ड ने कहा कि जब अंतिम चयन परिणाम में एक से अधिक अभ्यर्थियों के अंक कट-ऑफ के समान हो जाते हैं तो टाई ब्रेक की स्थिति बनती है।

ऐसी स्थिति में भर्ती बोर्ड नियमों के अनुसार अधिक आयु वाले अभ्यर्थी को वरीयता देकर चयनित करता है। इस नियम का उल्लेख भर्ती की विज्ञप्ति संख्या PRPB-B (होमगार्ड संवर्ग)-02/2025 दिनांक 18 नवंबर 2025 के प्रस्तर 7 (i) (1) में विस्तार से किया गया है। बोर्ड ने कहा कि टाई ब्रेक के विभिन्न नियमों का पहले से ही विज्ञापन में उल्लेख है और इसी प्रक्रिया के तहत चयन किया गया है।

बोर्ड ने किया स्पष्ट

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह पूरी प्रक्रिया विधिक और नियमबद्ध है। इसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं हुई है। परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी विज्ञप्ति में अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि नियमों की पूरी, स्पष्ट और समुचित जानकारी के बिना सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम पर कोई भ्रामक सूचना या अफवाह न फैलाएं।

बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि विस्तृत सूचना और विज्ञप्ति के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट http://uppbpb.gov.in का अवलोकन करें। वहीं बोर्ड ने यह भी कहा कि अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *