प्रयागराज। पिछले करीब एक साल से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी गैंगस्टर सुनील कुमार भारतीया उर्फ गुंगे को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ की टीम ने रविवार को बेला कछार इलाके में घेराबंदी कर उसे दबोचा। आरोपी फाफामऊ थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहा था।
ऐसे हुआ गिरफ्तार
एसटीएफ के मुताबिक, वांछित और इनामी अपराधियों की तलाश के दौरान टीम को सूचना मिली कि सुनील कुमार भारतीया उर्फ गुंगे बेला कछार के आसपास छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर एसटीएफ ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी का वर्तमान पता ग्राम रंगपुरा, थाना फाफामऊ, प्रयागराज बताया गया है, जबकि उसका मूल निवास बैहराना खानपुर, थाना मऊआइमा है। गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ ने उससे पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने वर्ष 2019 से अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी और लूट की कई वारदातों को अंजाम देने की बात बताई। इन घटनाओं को लेकर जीआरपी और फाफामऊ थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं।
गैंगस्टर एक्ट में था वांछित
एसटीएफ के अनुसार, सुनील पहले भी जेल जा चुका है। वर्ष 2025 में फाफामऊ थाने में सुनील और उसके एक साथी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
एसटीएफ इंस्पेक्टर जेपी राय के अनुसार, गिरफ्तार सुनील के खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। लंबे समय से फरार होने के कारण पुलिस और एसटीएफ उसकी तलाश में जुटी थी। सूचना मिलने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए उसे बेला कछार से गिरफ्तार कर लिया।
एसटीएफ टीम में उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक मो. हबीब अहमद सिद्दीकी, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, राजेश कुमार, दिलीप कुमार त्रिपाठी, पंकज सिंह, प्रभंजन पांडेय, पंकज तिवारी और आरक्षी चालक मनोज कुमार यादव शामिल रहे।