बरेली: SSP अनुराग आर्य की बड़ी कार्रवाई, लापरवाही पर चौकी प्रभारी निलंबित

Share This

बरेली। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत और अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य ने सख्त रुख अपनाया है। एसएसपी ने गुरुवार को गूगल मीट के माध्यम से दैनिक समीक्षा बैठक की, जिसमें उन्होंने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों से अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं और निरोधात्मक कार्रवाइयों की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

इनके काम में पाई गई लापरवाही

समीक्षा के दौरान करगैना चौकी क्षेत्र में तैनात उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह सिरोही के कार्यों में गंभीर लापरवाही सामने आई। जांच में पाया गया कि थाना सुभाषनगर में दर्ज हिस्ट्रीशीटर अजय साहू की नियमित निगरानी और उसके खिलाफ आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई नहीं की गई, जबकि उसके खिलाफ आधिकारिक रूप से हिस्ट्रीशीट संचालित थी।

इसके अलावा उपनिरीक्षक पर विवेचनाओं के निस्तारण में देरी, अपराध नियंत्रण में ढिलाई और विभिन्न अधिनियमों के तहत अपेक्षित कार्रवाई में गंभीर शिथिलता के आरोप भी पाए गए। इन सभी गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए SSP अनुराग आर्य ने तत्काल प्रभाव से चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया।

एसएसपी ने दिए निर्देश

एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में सक्रिय अभ्यस्त और हिस्ट्रीशीटर अपराधियों पर सख्त निगरानी रखी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी क्षेत्र में अपराधी सक्रिय पाए जाते हैं और समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो संबंधित पुलिस अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। SSP ने साफ किया है कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अपराध नियंत्रण में ढिलाई पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। यह कार्रवाई जिले में पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और सक्रिय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *