अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं: बरेली SSP का बड़ा एक्शन, तीन पुलिसकर्मी कार्रवाई की जद में

Share This

बरेली पुलिस विभाग में अनुशासन और कार्यशैली को लेकर बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। अलग-अलग मामलों में लापरवाही, सोशल मीडिया पॉलिसी के उल्लंघन और संवेदनशील शिकायतों को गंभीरता से न लेने पर तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं। एसएसपी अनुराग आर्य ने दो दरोगाओं को निलंबित कर दिया है, जबकि एक उप निरीक्षक को लाइन हाजिर कर विभागीय जांच शुरू करा दी गई है।

ये हैं मामले

पहला मामला फरीदपुर थाने में तैनात उप निरीक्षक शुभम सोम से जुड़ा है। पुलिस विभाग की सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 का उल्लंघन करने की शिकायत सामने आने के बाद जांच कराई गई। जांच में इंस्टाग्राम पर सक्रिय आईडी को दरोगा शुभम सोम से जुड़ा पाया गया। इसके बाद एसएसपी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन भेजते हुए मामले की प्रारंभिक जांच के आदेश दिए।

दूसरी कार्रवाई प्रेमनगर थाने में तैनात दरोगा शुभम चौधरी पर हुई। भमोरा क्षेत्र के राहुल शंखधार ने आरोप लगाया कि उन्हें अवैध तरीके से हिरासत में रखा गया और मारपीट की गई। आरोप यह भी है कि 50 हजार रुपये लेने के बाद उनसे सादे कागज पर हस्ताक्षर कराए गए। शिकायत सामने आने पर एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दरोगा को निलंबित कर निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं।

तीसरा मामला हाफिजगंज थाने से जुड़ा है, जहां उप निरीक्षक चन्द्रपाल सिंह पर महिला संबंधी शिकायत में लापरवाही बरतने का आरोप लगा। पीड़िता ने मोबाइल तोड़ने, पीछा करने और छेड़खानी की शिकायत दी थी, लेकिन समय पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई। मामला अधिकारियों तक पहुंचने पर जांच हुई, जिसमें प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आई। इसके बाद चन्द्रपाल सिंह को भी निलंबित कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *