जौनपुर के बहुचर्चित दूल्हा हत्याकांड में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी आरोपी रवि यादव का आखिरकार पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। खेतासराय थाना क्षेत्र के रानीमऊ मोड़ के पास देर रात हुई मुठभेड़ में रवि यादव पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
लंबे समय से था फरार
पुलिस के मुताबिक रवि यादव लंबे समय से फरार था और उसकी तलाश में एसटीएफ समेत कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। शनिवार देर रात सूचना मिली कि वह खेतासराय इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की।
बताया जा रहा है कि पुलिस को देखते ही रवि यादव ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इसी दौरान रवि यादव गोली लगने से घायल हो गया। मुठभेड़ में लाइन बाजार थाना प्रभारी केके सिंह के हाथ में गोली लगी, जबकि खेतासराय थाना प्रभारी श्रीप्रकाश शुक्ला और एसओजी टीम के प्रवीण यादव की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं। जैकेट होने की वजह से दोनों पुलिसकर्मी सुरक्षित बच गए।
इस मामले में था फरार
दरअसल, एक मई को आजाद बिंद नामक युवक अपनी बारात लेकर शादी के लिए जा रहा था। रास्ते में बदमाशों ने उसे गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पूरे जिले में आक्रोश फैल गया था। पुलिस ने मामले में कई लोगों को आरोपी बनाया था, जिनमें रवि यादव भी शामिल था।
पुलिस का कहना है कि मामले में फरार चल रहे अन्य इनामी आरोपियों की तलाश अभी जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।