Etah: नशे में धुत पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई, युवतियों से अभद्रता के आरोप में एसआई समेत दो निलंबित

Share This

एटा में गुरुवार रात पुलिस विभाग की छवि को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया। पुलिस लाइन में तैनात एक उपनिरीक्षक और मुख्य आरक्षी पर शराब के नशे में दो युवतियों का पीछा करने और रास्ते में रोककर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र की ठंडी सड़क की बताई जा रही है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की।

ये है मामला 

जानकारी के अनुसार, दोनों युवतियां स्कूटी से जा रही थीं। आरोप है कि कार सवार पुलिसकर्मी उनका पीछा करते हुए पहुंचे और बीच रास्ते उन्हें रोक लिया। इस दौरान दोनों ने युवतियों से अभद्रता की, जिसका विरोध किए जाने पर मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। भीड़ में मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर डाल दिया, जो तेजी से वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपित पुलिसकर्मियों को अपने साथ थाने ले गई। पूछताछ के बाद उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई।

एसएसपी ने किया सस्पेंड

मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए एसएसपी डॉ. इला मारन ने सख्त रुख अपनाया। जांच के शुरुआती तथ्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर उपनिरीक्षक राहुल बालियान और मुख्य आरक्षी धर्मेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मियों से इस तरह के व्यवहार की उम्मीद नहीं की जा सकती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *