गाजियाबाद में बकरीद को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस कमिश्नर जे. रविदर गौड ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी एसीपी और थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि खुले स्थानों पर पशुओं की कुर्बानी और सड़कों पर नमाज की अनुमति नहीं होगी।
पुलिस कमिश्नर ने दिए निर्देश
पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर शहर के मिश्रित आबादी वाले 24 संवेदनशील स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। लोनी, मसूरी, डासना, मुरादनगर, मोदीनगर समेत कई इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के जरिए नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
जे. रविदर गौड ने अधिकारियों को दोनों समुदायों के जिम्मेदार लोगों के साथ संवाद बढ़ाने और पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि त्योहार आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाए और यदि कोई व्यक्ति माहौल खराब करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसीपी ने कहा ये
एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजकरन नैय्यर के मुताबिक, सभी एसीपी अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर रहे हैं और पैदल मार्च के जरिए लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाया जा रहा है। जिन स्थानों पर नमाजियों की संख्या अधिक होने की संभावना है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा गया है, लेकिन सार्वजनिक मार्गों पर नमाज की अनुमति नहीं होगी।
पुलिस प्रशासन ने साफ-सफाई को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कुर्बानी के बाद निकलने वाले अवशेषों को खुले में फेंकने के बजाय नगर निगम की गाड़ियों में डालने को कहा गया है। अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को बनाए रखने के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जा रहा है।