यूपी पुलिस का नया डिजिटल हथियार, इमरजेंसी मैसेज पर बजेगा सायरन

Share This

लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपने डिजिटल नेटवर्क को और अधिक प्रभावी बनाते हुए ‘यक्ष’ मोबाइल एप में नई इमरजेंसी अलर्ट सुविधा जोड़ी है। अब किसी गंभीर घटना या तत्काल कार्रवाई की जरूरत पड़ने पर पुलिसकर्मियों के मोबाइल पर तेज सायरन के साथ अलर्ट पहुंचेगा। खास बात यह है कि यह चेतावनी तब तक बंद नहीं होगी, जब तक संबंधित पुलिसकर्मी संदेश को पढ़ नहीं लेता।

इसलिए शुरु हुई व्यवस्था

इस नई व्यवस्था का मकसद पुलिस की प्रतिक्रिया को पहले से अधिक तेज और समन्वित बनाना है। किसी बड़ी वारदात—जैसे लूट, हत्या, अपहरण या अन्य आपराधिक घटना—की सूचना मिलते ही अधिकारी यक्ष एप के जरिए तुरंत अलर्ट जारी कर सकेंगे। इससे जिलेभर में फील्ड पर मौजूद पुलिसकर्मियों तक एक साथ सूचना पहुंचेगी और मौके पर तेजी से कार्रवाई संभव हो सकेगी।

पुलिस मुख्यालय ने इसी एप में ब्रॉडकास्ट फीचर भी शामिल किया है, जिससे विभागीय संचार और आसान हो जाएगा। अब अधिकारियों को अलग-अलग कर्मचारियों को निर्देश भेजने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एक ही संदेश के जरिए संबंधित पुलिस इकाइयों तक आदेश और जरूरी सूचनाएं तुरंत पहुंचाई जा सकेंगी।

तकनीकी व्यवस्था में यह भी ध्यान रखा गया है कि यदि कोई पुलिसकर्मी पहले से यक्ष एप पर किसी कार्य में व्यस्त है तो सायरन नहीं बजेगा, लेकिन उसे नया संदेश देखकर आवश्यक प्रतिक्रिया देनी होगी।

यक्ष एप पहले से ही पुलिसिंग में अहम भूमिका निभा रहा है। इसमें 12 लाख से ज्यादा अपराधियों का रिकॉर्ड मौजूद है, जिससे संदिग्धों की पहचान और आपराधिक इतिहास की जानकारी तेजी से हासिल की जा सकती है।

अपराध होगा कंट्रोल

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह नई सुविधा सूचना प्रसारण की गति बढ़ाने के साथ अपराध नियंत्रण को और मजबूत करेगी। डिजिटल तकनीक के इस इस्तेमाल से पुलिस बल की तत्परता बढ़ेगी और घटनाओं पर कार्रवाई का समय घटेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *