गोंडा GRP में तैनात घायल सिपाही को मिली आर्थिक मदद, DGP ने सौंपा 1.50 करोड़ का चेक

Share This

लखनऊ से एक संवेदनशील और प्रेरणादायक खबर सामने आई है, जहां ड्यूटी के दौरान घायल हुए आरक्षी आकाश सिंह के परिवार को आर्थिक सहयोग देकर उत्तर प्रदेश पुलिस ने मानवीय पहल की मिसाल पेश की है। राजीव कृष्ण ने आरक्षी की पत्नी को 1.50 करोड़ रुपये का चेक सौंपकर परिवार को बड़ी राहत दी है।

ये था मामला

घटना गोण्डा जीआरपी थाना क्षेत्र की है, जहां रात्रि ड्यूटी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश कर रहा था। उसे पकड़ने के लिए आरक्षी आकाश सिंह ने बहादुरी दिखाते हुए तुरंत उसका पीछा किया। इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या-1 पर आ रही ट्रेन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था।

घटना के बाद अफसरों ने दिलाया था भरोसा

घटना के बाद पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लेते हुए बेहतर इलाज और हरसंभव सहायता के निर्देश दिए। विभागीय सहयोग के तहत जीआरपी गोरखपुर अनुभाग के कर्मियों ने 10.88 लाख रुपये और जीआरपी लखनऊ अनुभाग ने 5.14 लाख रुपये की सहायता राशि एकत्रित की। इस तरह कुल 16 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक मदद पहले ही आरक्षी के परिवार को दी जा चुकी थी।

अब डीजीपी स्तर से मिली 1.50 करोड़ रुपये की सहायता ने परिवार को बड़ी राहत दी है। यह कदम न केवल पुलिसकर्मी के साहस और कर्तव्यनिष्ठा का सम्मान है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि संकट की घड़ी में विभाग अपने कर्मियों और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *