भावपूर्ण माहौल में उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो रहीं नीरा रावत, पुलिस महानिदेशक, आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन, यूपी-112 एवं राम बदन सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक/अपर पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट आगरा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
अफसरों ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के साथ अपने अनुभव साझा किए और उनके लंबे सेवाकाल को यादगार बताया। इस अवसर पर रेणुका मिश्रा, पुलिस महानिदेशक मुख्यालय, बी.के. सिंह, पुलिस महानिदेशक सीआईडी/साइबर क्राइम तथा प्रकाश डी., पुलिस महानिदेशक रेलवे ने भी उनके साथ बिताए गए महत्वपूर्ण क्षणों को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की और आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में डीजीपी राजीव कृष्ण ने दोनों अधिकारियों के साथ अपने आत्मीय संबंधों को साझा किया। उन्होंने उनकी कार्यनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूरे सेवाकाल में पुलिस विभाग की गरिमा को बढ़ाया है। साथ ही उन्होंने उनके उज्ज्वल, स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना की।
जानें दोनों अफसरों के बारे में
नीरा रावत वर्ष 1992 में भारतीय पुलिस सेवा में चयनित होकर केरल कैडर में नियुक्त हुई थीं। बाद में 1999 में उन्होंने उत्तर प्रदेश कैडर में स्थानांतरण के बाद कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। उनका 33 वर्षों से अधिक का सेवाकाल अत्यंत प्रभावशाली और प्रेरणादायक रहा।
वहीं राम बदन सिंह वर्ष 1994 में प्रांतीय पुलिस सेवा में चयनित हुए और 2019 में भारतीय पुलिस सेवा में प्रोन्नत हुए। उन्होंने विभिन्न पदों पर दायित्व निभाते हुए 2025 में पुलिस उप महानिरीक्षक का पद संभाला। उनका 31 वर्षों से अधिक का सेवाकाल भी अनुकरणीय माना जाता है।
समारोह का समापन भावुक माहौल में हुआ, जहां सभी उपस्थित अधिकारियों ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और उनके योगदान को यादगार बताया।