फिरोजाबाद: गर्भवती की मौत के बाद हंगामा, 2 दरोगा समेत 6 पुलिस वाले सस्पेंड

Share This

 

फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में पुलिस की दबिश मौत की वजह बन गई। आरोप है कि चोरी के शक में युवक को पकड़ने गई पुलिस ने उसकी गर्भवती पत्नी के पेट पर लात मार दी, जिससे प्रसव के बाद उसकी जान चली गई। घटना से नाराज गांव वालों ने थाने पर जमकर हंगामा किया।

ये है मामला 

मामला लभौआ गांव का है। गांव में हुई चोरी की जांच के लिए रविवार रात शिकोहाबाद पुलिस की टीम दरोगा धर्मपाल सिंह के साथ गांव पहुंची थी। पुलिस गौरव नाम के युवक को उठाने लगी तो घर में कहासुनी हो गई।

गौरव के घर वालों का कहना है कि इसी धक्का-मुक्की में दरोगा ने गौरव की पत्नी अंजली के पेट में लात मार दी। पुलिस युवक को लेकर चली गई, लेकिन कुछ देर बाद अंजली को तेज दर्द उठा। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने बेटे को जन्म दिया और फिर उसकी मौत हो गई।

परिवार ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया है। खबर फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण शिकोहाबाद थाने पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी। हालात बिगड़ता देख एएसपी ग्रामीण अनुज चौधरी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

एएसपी का कहना है कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, रिपोर्ट आने पर मौत की असली वजह साफ होगी।

एसएसपी ने लिया एक्शन

उधर देर रात एसएसपी ने कड़ा एक्शन लेते हुए दो सब इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह और सत्यपाल सिंह समेत 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। सस्पेंड होने वालों में हेड कांस्टेबल मोहन सिंह, अरविंद कुमार और सिपाही भवतोष व कुलदीप शामिल हैं। पूरे मामले की जांच सीओ शिकोहाबाद को दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *