बहराइच में महिला सिपाही ने की आत्महत्या, कमरे में फंदे से लटका मिला शव; आखिरी मैसेज से बढ़ा रहस्य

Share This

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में तैनात एक महिला सिपाही की आत्महत्या की घटना ने पुलिस महकमे को झकझोर दिया है। हुजूरपुर थाने में कार्यरत 25 वर्षीय महिला कांस्टेबल अपने सरकारी कमरे में फंदे से लटकी मिलीं। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।

ड्यूटी करने के बाद उठाया कदम

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला सिपाही उस दिन एक नाबालिग पीड़िता को अदालत ले गई थीं, जहां उसका बयान दर्ज कराया गया। ड्यूटी पूरी करने के बाद वह वापस थाने पहुंचीं और नियमानुसार अपनी आमद दर्ज कराने के बाद कमरे में चली गईं। कुछ समय बाद जब वह बाहर नहीं निकलीं तो साथी पुलिसकर्मियों को चिंता हुई। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसे तोड़ा गया। अंदर महिला सिपाही का शव पंखे से लटका मिला।

जांच के दौरान सामने आया कि आत्महत्या से पहले उन्होंने अपने मोबाइल फोन से किसी व्यक्ति को एक संक्षिप्त संदेश भेजा था। संदेश में लिखा था, “अब मैं जा रही हूं।” इसके बाद उन्होंने यह कदम उठा लिया। हालांकि यह संदेश किसे भेजा गया था और इसके पीछे क्या वजह थी, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मोबाइल फोन समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को जांच के दायरे में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि कॉल डिटेल, मैसेज और अन्य तथ्यों की जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों पर कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। जल्द ही इस मामले में खुलासा हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *