औरैया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में महिला के वीडियो बनाने और उसके सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में औरैया पुलिस ने आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी किया है। पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही कई बातें तथ्यात्मक नहीं हैं।
ये है मामला
पुलिस के अनुसार, 30 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार कक्ष में जनपद के चार पुलिसकर्मियों के सेवानिवृत्ति समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त हुए एक उपनिरीक्षक के परिजन भी मौजूद थे। इसी दौरान परिजनों में से एक महिला ने भूलवश सभागार में वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और बाद में उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कर दिया।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह दावा किया जाने लगा कि महिला ने एसपी कार्यालय में रील बनाई और अधिकारी की कुर्सी पर बैठकर वीडियो बनाया। मामले ने तूल पकड़ने पर औरैया पुलिस ने स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा कि वीडियो सेवानिवृत्ति कार्यक्रम के दौरान बनाया गया था और इसे गलत संदर्भ में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने कहा ये
पुलिस ने बताया कि संबंधित परिजन ने अपनी सोशल मीडिया आईडी से वीडियो हटा दिया है। साथ ही उन्होंने भविष्य में इस प्रकार की कोई भी गतिविधि नहीं करने का आश्वासन भी दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक स्तर पर जानकारी प्राप्त करने के बाद स्थिति स्पष्ट कर दी गई है।
औरैया पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी वीडियो या सूचना को बिना सत्यापन के साझा न करें। प्रशासन ने कहा कि किसी भी घटना से संबंधित आधिकारिक जानकारी के लिए केवल पुलिस के अधिकृत माध्यमों पर ही भरोसा करें, ताकि अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचा जा सके।