लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने उत्तर प्रदेश होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा के परिणाम एवं अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग से संबंधित सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं का खंडन करते हुए अभ्यर्थियों से सतर्क रहने की अपील की है।
इनके खिलाफ हुई कार्रवाई
बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, इंस्टाग्राम आईडी rahul_rajput_70888 (Rahul Kumar Rajput) तथा amit_kushwah_thakur154 (Amit Kushwah) से होमगार्ड भर्ती-2025 की शॉर्टलिस्टिंग से संबंधित मूल इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेज में एडिटिंग कर भ्रामक जानकारी प्रसारित की गई। जांच में यह दस्तावेज पूरी तरह गलत एवं कूटरचित पाया गया।
बोर्ड ने कहा कि इस प्रकार की फर्जी सूचनाओं से अभ्यर्थियों एवं आम जनता के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सोशल मीडिया हैंडलों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
परीक्षा नियंत्रक ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी सूचना पर विश्वास करने से पहले उसकी पुष्टि केवल बोर्ड के आधिकारिक माध्यमों से ही करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट या एडिट किए गए दस्तावेजों के आधार पर किसी भी प्रकार का निष्कर्ष न निकालें।
बोर्ड ने स्पष्ट किया ये
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया से संबंधित सभी आधिकारिक सूचनाएं केवल उसके अधिकृत प्लेटफॉर्म के माध्यम से जारी की जाती हैं। यदि कोई व्यक्ति फर्जी दस्तावेज तैयार कर या भ्रामक जानकारी प्रसारित कर अभ्यर्थियों को गुमराह करने का प्रयास करता है, तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की सलाह दी है।