आगरा पुलिस कमिश्नरेट में तैनात एक रिक्रूट महिला आरक्षी को सोशल मीडिया पर रील पोस्ट करना महंगा पड़ गया। वर्दी में बनाई गई उनकी इंस्टाग्राम रील वायरल होने के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और कार्रवाई करते हुए आरक्षी को निलंबित कर दिया। मामला चर्चा में आने के बाद उच्च अधिकारियों तक पहुंचा, जिसके बाद यह कदम उठाया गया।
ये था मामला
जानकारी के मुताबिक, रिक्रूट आरक्षी तनु भाटी थाना छत्ता में तैनात थीं। उन्होंने पुलिस वर्दी में एक वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर साझा किया था। वीडियो में वह मास्क लगाए नजर आ रही थीं और बैकग्राउंड में फिल्मी गाना भी चल रहा था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही यह पुलिस विभाग के संज्ञान में आ गया।
वायरल रील की जानकारी मिलने के बाद विभागीय स्तर पर जांच की गई। माना गया कि यह पुलिसकर्मियों के लिए निर्धारित सोशल मीडिया दिशा-निर्देशों के विपरीत है। इसके बाद अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए तनु भाटी को निलंबित कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, वीडियो के वायरल होने की जानकारी मिलते ही महिला आरक्षी ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट प्राइवेट कर लिया और संबंधित रील को भी हटा दिया। हालांकि तब तक वीडियो कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया जा चुका था।
लगातार विभाग दे रहा हिदायत
गौरतलब है कि पुलिस विभाग लगातार अपने कर्मचारियों को सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर सावधानी बरतने की हिदायत देता रहा है। इसके बावजूद समय-समय पर ऐसे मामले सामने आते रहे हैं। इससे पहले भी आगरा कमिश्नरेट में सोशल मीडिया पॉलिसी के उल्लंघन पर कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है।
इस ताजा मामले के बाद एक बार फिर पुलिस कमिश्नरेट ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सोशल मीडिया नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश जारी किए हैं। विभाग का कहना है कि अनुशासन और सेवा की गरिमा बनाए रखना सभी पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी है।