आगरा में ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान एक महिला पुलिस कांस्टेबल ने ईमानदारी की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी हर तरफ सराहना हो रही है। 500-500 रुपये के नोटों से भरा बैग मिलने के बावजूद उन्होंने बिना किसी लालच के उसे उसके असली मालिक तक पहुंचा दिया। उनकी इस सजगता और ईमानदारी ने पुलिस की छवि को और मजबूत किया है।
ये था मामला
आगरा के रामबाग चौराहे पर ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान यह घटना सामने आई। शनिवार सुबह करीब 11 बजे एक महिला अपने ससुर के साथ ऑटो से उतर रही थी। उसी दौरान उसका नोटों से भरा बैग नीचे गिर गया, जिसमें 500-500 रुपये की कई गड्डियां रखी थीं।
ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेबल नेहा की नजर उस बैग पर पड़ गई। उन्होंने तुरंत बैग उठाया और देखा कि उसमें बड़ी मात्रा में नकदी है। महिला उस समय काफी आगे निकल चुकी थी, लेकिन कांस्टेबल ने ईमानदारी दिखाते हुए उसे आवाज देकर रोकने की कोशिश की। जब वह नहीं रुकी तो नेहा ने उसका पीछा किया और उसे रोककर बताया कि उसका बैग गिर गया है।
महिला ने बैग की पहचान की और पुष्टि होने के बाद कांस्टेबल ने उसे सुरक्षित लौटा दिया। बैग वापस मिलने पर महिला और उसके परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
पुलिस कमिश्नर ने की सराहना
इस घटना की जानकारी आगरा पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने भी सोशल मीडिया पर साझा की और कांस्टेबल नेहा की ईमानदारी की सराहना की। पुलिस विभाग में उनकी इस ईमानदार पहल की जमकर तारीफ हो रही है।