UP Police सिपाही भर्ती परीक्षा फर्जीवाड़े का आरोपी गिरफ्तार, 20 हजार का था इनामी

Share This

प्रयागराज में सिपाही भर्ती परीक्षा से जुड़े फर्जीवाड़े का एक पुराना मामला फिर सुर्खियों में आ गया है। करीब दो साल से फरार चल रहा 20 हजार रुपये का इनामी आरोपी अजय कुमार आखिरकार पुलिस की पकड़ में आ गया। नैनी थाना पुलिस ने उसे रविवार को उस वक्त दबोचा, जब वह एक और परीक्षा में गड़बड़ी कराने की नीयत से शहर में मौजूद था।

कौन है आरोपी

अजय कुमार मूल रूप से हरियाणा के भिवानी जिले का रहने वाला है। 2024 में दर्ज केस के बाद से वह लगातार पुलिस से बचता फिर रहा था। मामला 18 फरवरी 2024 की सिपाही भर्ती परीक्षा से जुड़ा है, जिसमें धनुहा स्थित एक कॉलेज परीक्षा केंद्र बना था।

जांच में खुलासा हुआ था कि उस परीक्षा में अजय कुमार की जगह हरियाणा का ही ईश्वर सिंह शामिल हुआ था। चेकिंग के दौरान ईश्वर सिंह पकड़ा गया, जबकि असली आरोपी अजय मौके से फरार हो गया था। इसके बाद दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इस पूरे खेल में करीब एक लाख रुपये की डील हुई थी। परीक्षा पास कराने के लिए फर्जी दस्तावेज और प्रवेश पत्र भी तैयार किए गए थे।

20 हजार का था इनामी

लंबे समय तक गिरफ्त से बाहर रहने के चलते अजय पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बताया जा रहा है कि वह इस बार भी किसी परीक्षा में सॉल्वर की व्यवस्था करने के इरादे से प्रयागराज पहुंचा था, लेकिन योजना सफल नहीं हो सकी। रेलवे स्टेशन की ओर बढ़ते वक्त नैनी पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ लिया। फिलहाल आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *