अंबेडकर जयंती के मौके पर जहां पूरे देश में संविधान निर्माता बाबा साहब को श्रद्धांजलि दी जा रही थी, वहीं उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई। यहां एक कार्यक्रम के दौरान मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच टकराव हो गया, जिसमें कई वाहन फूंक दिए गए और करीब 20 पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस घटना ने प्रशासन और आम लोगों दोनों को हिलाकर रख दिया है।
ये था मामला
लखीमपुर खीरी जिले के मैलानी थाना क्षेत्र के बांकेगंज कस्बे में अंबेडकर जयंती के अवसर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस स्थान को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था, क्योंकि यह सरकारी जमीन बताई जा रही है। प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच पहले एक समझौता हुआ था कि इस जगह पर स्थायी रूप से मूर्ति स्थापित नहीं की जाएगी, बल्कि केवल जयंती के दिन बाबा साहब की तस्वीर रखकर श्रद्धांजलि दी जाएगी।
हालांकि, कार्यक्रम के दौरान कुछ लोग अचानक बाबा साहब की मूर्ति लेकर पहुंच गए और उसे वहां स्थापित करने का प्रयास करने लगे। इस बात को लेकर आयोजन कर रहे लोगों और मूर्ति लेकर आए समूह के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद बढ़ गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान हंगामे के बीच मूर्ति गिर गई और क्षतिग्रस्त हो गई।
मूर्ति के खंडित होने की खबर फैलते ही भीड़ आक्रोशित हो गई और स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण से बाहर हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन गुस्साए लोगों ने पुलिस पर ही हमला बोल दिया। पथराव किया गया, पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई और कई वाहनों में तोड़फोड़ कर उन्हें आग के हवाले कर दिया गया। इस हिंसा में करीब 20 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें कुछ को गंभीर चोटें आई हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और एसपी ख्याति गर्ग भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने हालात को संभालने के लिए सख्त कदम उठाए और अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई। काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका।
अराजक तत्व आए सामने
प्रशासन के मुताबिक, इस घटना में कुछ अराजक तत्वों की भूमिका सामने आई है, जिन्होंने माहौल को भड़काने का काम किया। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था कायम है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।