वाराणसी में ट्रैफिक सुधार को लेकर सड़क पर उतरे पुलिस आयुक्त, पुलिसकर्मियों को दी चेतावनी

Share This

वाराणसी की सड़कों पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल खुद सड़क पर उतरे और शहर के व्यस्त मार्गों का पैदल निरीक्षण किया। ब्रॉडवे होटल से शुरू हुआ यह निरीक्षण रवींद्रपुरी, अस्सी, लंका और मालवीय चौराहा होते हुए ट्रॉमा सेंटर तक पहुंचा, जहां उन्होंने जमीनी हकीकत को करीब से समझा।

पुलिस कमिश्नर ने कहा ये

निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ संकेत दिया कि अब लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि अगर प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण मिला तो सीधे तौर पर थाना और चौकी स्तर के अधिकारी जिम्मेदार माने जाएंगे।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि शहर के 10 महत्वपूर्ण रूटों पर विशेष निगरानी के लिए रूट मार्शल तैनात किए गए हैं। ये अधिकारी ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय थानों के साथ मिलकर यातायात को व्यवस्थित करेंगे, ताकि लोगों को पीक समय में कम से कम परेशानी हो।

नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई 

इसके साथ ही उन्होंने नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। बिना नंबर प्लेट वाहन, गलत दिशा में चलना, तीन सवारी बैठाना और अवैध पार्किंग जैसे मामलों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अवैध ऑटो स्टैंड और सड़क किनारे अवरोध पैदा करने वाले ठेले भी हटाए जाएंगे।

इस अभियान में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिससे स्पष्ट है कि शहर में ट्रैफिक सुधार अब प्राथमिकता बन चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *