लखनऊ। विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस महकमे में बड़ा उलटफेर हुआ है। शुक्रवार दोपहर शासन ने 28 आईपीएस अफसरों की लिस्ट जारी कर दी। इसमें सबसे ज्यादा चर्चा दो नामों की है – लक्ष्मी सिंह और जे. रविंदर गौड़ की।
दोनों की अदला-बदली हुई है। अब तक नोएडा संभाल रहीं लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का कमिश्नर बना दिया गया है। वहीं गाजियाबाद संभाल रहे जे. रविंदर गौड़ को नोएडा की कमान सौंप दी गई है।
लक्ष्मी सिंह का वेस्ट से पुराना नाता
2000 बैच की लक्ष्मी सिंह वेस्ट यूपी को अच्छे से समझती हैं। मेरठ रेंज में डीआईजी रह चुकी हैं। नोएडा में करीब 4 साल तक कमिश्नर रहीं। अब उन्हें गाजियाबाद भेजा गया है। खास बात ये है कि नोएडा की पहली महिला कमिश्नर बनने के बाद अब वो गाजियाबाद की भी पहली महिला कमिश्नर बन गई हैं।
जे. रविंदर गौड़ को मिला सबसे अहम जिला
2005 बैच के जे. रविंदर गौड़ को प्रदेश के सबसे संवेदनशील और हाईप्रोफाइल जिले की जिम्मेदारी मिली है। गाजियाबाद से पहले वो आगरा के कमिश्नर थे। गोरखपुर में डीआईजी-आईजी रहे। मेरठ, बरेली, लखनऊ, मुरादाबाद जैसे कई जिलों में एसएसपी रह चुके हैं।
गाजियाबाद में करीब 20 महीने के कार्यकाल में उनका काम काफी चर्चा में रहा। इस दौरान 8 बदमाश एनकाउंटर में मारे गए। सलीम वास्तिक हत्याकांड के दोनों आरोपियों को 48 घंटे के अंदर ढेर कर दिया गया था। पुलिस लाइन से लेकर थानों तक के सौंदर्यीकरण को लेकर भी वो सुर्खियों में रहे।