यूपी में पुलिस पर हमलों से मचा हड़कंप, तीन जिलों में बवाल; दरोगा समेत चार पुलिसकर्मी घायल

Share This

कानपुर। उत्तर प्रदेश में पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करने वाली तीन घटनाएं सामने आई हैं। कन्नौज में आरोपित के घर दबिश देने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। वहीं, जालौन में सड़क हादसे के बाद हुए विवाद को शांत कराने पहुंचे ट्रैफिक सिपाही को लोगों ने निशाना बना लिया। दोनों घटनाओं में एक दरोगा समेत चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। उधर, उन्नाव में पुलिस चौकी के अंदर ही दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। तीनों मामलों में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

दबिश देने गई टीम को घेरकर पीटा

कन्नौज के समधन इलाके में पुलिस पर हमले की घटना उस समय हुई, जब चौकी प्रभारी सूर्यप्रकाश उपाध्याय दो सिपाहियों के साथ उरूज उर्फ करिया की तलाश में उसके घर पहुंचे थे। आरोपित पर आजाद नगर निवासी जाने आलम ने रंजिश में हमला करने और तमंचे से फायरिंग करने का आरोप लगाया था। पुलिस पहले भी उसकी तलाश में दबिश दे चुकी थी। गुरुवार दोपहर जब टीम उसके घर पहुंची तो वहां ताला लगा मिला। इसके बाद पूछताछ के दौरान आरोपित के स्वजन और रिश्तेदार पुलिस से उलझ गए। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि हमलावरों ने दरोगा का गला दबाया और पुलिसकर्मियों को दौड़ाकर पीटा। टीम ने किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई। एसपी विनोद कुमार के अनुसार सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इलाके में पीएसी भी तैनात की गई है।

विवाद शांत कराना सिपाही को पड़ा भारी

जालौन के उरई में राठ रोड पर कार और बाइक की टक्कर के बाद दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ। बाइक सवारों ने अपने साथियों को बुला लिया और कार सवारों से मारपीट करने लगे। मौके पर पहुंचे ट्रैफिक सिपाही हेम सिंह चाहर ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन भीड़ ने उन्हीं पर हमला कर दिया। आरोपितों ने उनका मोबाइल तोड़ दिया और वर्दी भी फाड़ दी। मामले में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

चौकी परिसर में आधे घंटे तक चलता रहा हंगामा

उन्नाव के मगरवारा पुलिस चौकी परिसर में भी बुधवार रात दो पक्ष आपस में भिड़ गए। शिकायत लेकर पहुंचे एक पक्ष पर दूसरे पक्ष ने लात-घूंसों और ईंट से हमला कर दिया। करीब आधे घंटे तक चौकी परिसर में मारपीट होती रही। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। यूपी-112 की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लकी सिंह और रिवांशु सिंह को गिरफ्तार कर लिया। प्रज्ञा सिंह की शिकायत पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। पुलिसकर्मियों के चौकी से गायब रहने के दौरान घटना होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *