फिरोजाबाद में फेरों से पहले टूटी शादी, महिला सिपाही के दावे से मचा हंगामा

Share This

 

फिरोजाबाद, 26 नवंबर। जिले के टूंडला क्षेत्र में एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब फेरों से ठीक पहले एक महिला पुलिसकर्मी ने पहुंचकर दूल्हे पर प्रेम संबंध का दावा कर दिया। इसके बाद दुल्हन पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया और मामला थाने पहुंच गया।

ये है मामला 

जानकारी के अनुसार, घटना 24 नवंबर की है। टूंडला के स्टेशन रोड स्थित एक मैरिज होम में मैनपुरी निवासी युवती की शादी नारखी क्षेत्र के युवक से तय थी। दूल्हा यूपी पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है। सुबह फेरों की तैयारियां चल रही थीं।

इसी दौरान एक युवती मैरिज होम पहुंची। उसने दूल्हे के साथ प्रेम संबंध होने की बात कही और शादी का विरोध किया। बताया जा रहा है कि युवती भी पुलिस विभाग में सिपाही है। उसके दावे के बाद समारोह में हंगामा हो गया।

दुल्हन पक्ष ने युवती की बात सुनने के बाद शादी की रस्में रोक दीं। सूचना पर पहुंची टूंडला पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। वहां दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई।

दोनों पक्ष हुए सहमत

लंबी बातचीत के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। दूल्हे पक्ष ने दुल्हन पक्ष द्वारा शादी की तैयारियों पर खर्च की गई राशि वापस करने पर सहमति जताई। इसके बाद दोनों पक्ष अपने-अपने घर लौट गए।

पुलिस के अनुसार, समझौता होने के बाद किसी पक्ष ने कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। मामले में किसी की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *