लखनऊ। चुनाव का काउंटडाउन शुरू होते ही यूपी पुलिस में हलचल तेज हो गई है। ऊपर से नीचे तक कुर्सियां बदलने की तैयारी है। माना जा रहा है कि अगले 2-3 दिन में ही कई बड़े नामों की लिस्ट बाहर आ जाएगी।
कई जिलों का नाम शामिल
बात सिर्फ 2-4 जिलों की नहीं है। करीब 8 जिलों में नए कप्तान बैठाए जा सकते हैं। जोन और रेंज संभालने वाले बड़े अफसर भी बदले जा सकते हैं। कमिश्नरेट वाले शहर भी इस बदलाव से अछूते नहीं रहेंगे। अंदरखाने चर्चा है कि तीन एडीजी रैंक के अफसरों की कुर्सी भी हिल सकती है। कानून-व्यवस्था संभालने वाले पद पर भी नया चेहरा आ सकता है।
इस बार खेल थोड़ा अलग है। सिर्फ ये नहीं देखा जा रहा कि अफसर एक जगह कितने दिन से है। ये भी खंगाला जा रहा है कि पिछले चुनाव में वो कहां था, उपचुनाव में कहां ड्यूटी की। जिसने अपना जिला संभाल रखा है, या जो चुनाव वाले इलाके में पहले से जमा हुआ है, उस पर भी नजर है।
कप्तान होने वाले हैं रिटायर
दरअसल चुनाव आयोग ने साफ कर दिया है कि 31 मई 2027 तक का हिसाब लगाया जाए। जो अफसर तय समय पूरा कर चुका है, उसे हटाना ही होगा। इसी नियम के चलते चित्रकूट में भी बदलाव तय माना जा रहा है, क्योंकि वहां के कप्तान रिटायर होने वाले हैं। नियम कहता है कि रिटायरमेंट के नजदीक वाले अफसर को चुनाव वाली अहम कुर्सी पर नहीं बिठाया जा सकता।
नीचे के स्तर पर तो काम शुरू भी हो गया है। अलग-अलग रेंज में करीब 2000 सिपाही-दरोगा इधर से उधर किए जा चुके हैं, जिनका तीन साल का समय पूरा हो गया था। अब 30 नवंबर तक पूरी लिस्ट बनाकर आयोग को भेजनी है।