प्रयागराज। आखिरकार वो कुर्सी भर गई, जिस पर महीनों से सबकी नजर थी। यूपी लोक सेवा आयोग को नया अध्यक्ष मिल गया है। शासन ने पीएसी में बैठे डीजी आलोक सिंह को इस बड़ी जिम्मेदारी के लिए चुन लिया है। गुरुवार को इसका आदेश भी आ गया।
अब सवाल ये है कि कार्यकाल कितना होगा? आदेश में साफ लिखा है, जिस दिन आलोक सिंह कुर्सी संभालेंगे, उस दिन से लेकर 23 जनवरी 2029 तक वो अध्यक्ष रहेंगे। राज्यपाल ने संविधान में मिली ताकत के तहत इस नाम पर मुहर लगाई है।ये पद ऐसे ही खाली नहीं था। इसके लिए अंदरखाने 60 से ज्यादा नाम घूम रहे थे। कभी वीना मीना का नाम आगे चल रहा था, कभी आलोक सिंह का। आखिर में बाजी आलोक सिंह के हाथ लगी।आलोक सिंह को जानते हो?
1995 बैच के हैं अफसर
ये कोई नया नाम नहीं है। 1995 बैच के आईपीएस हैं। नोएडा में जब पहली बार कमिश्नर सिस्टम आया, तो पहले कमिश्नर यही बने थे। कानपुर जोन में एडीजी की कुर्सी भी संभाल चुके हैं। अभी हाल में ही, मई 2026 में डीजी बने और पीएसी और एसएसएफ की कमान संभाल रहे थे।इतना ही नहीं, वर्दी से हटकर भी इनका अनुभव लंबा है। एयर इंडिया में सुरक्षा निदेशक के तौर पर भी काम कर चुके हैं। मतलब पुलिसिंग के साथ-साथ कॉर्पोरेट और प्रशासनिक काम का भी पूरा अनुभव है।
अब लाखों अभ्यर्थियों की नजर इसी पर है कि नए अध्यक्ष के आने से आयोग की रफ्तार बढ़ेगी या नहीं। बड़ी भर्तियां लाइन में हैं, पेपर और रिजल्ट को लेकर छात्र पहले से ही इंतजार में हैं। उम्मीद यही है कि अब आयोग में फैसले तेजी से होंगे।