अयोध्या। पूरा कलंदर क्षेत्र में मंगलवार देर रात गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों की कार गिट्टी लदे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में कार सवार उपनिरीक्षक आकाश यादव की मौत हो गई, जबकि कांस्टेबल प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
ऐसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा रायबरेली मार्ग पर नऊवा कुआं के पास हुआ। मंगलवार देर रात पुलिसकर्मी गश्त पर निकले थे। इसी दौरान उनकी कार की गिट्टी लदे ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार में फंसे दोनों पुलिसकर्मियों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने 28 वर्षीय उपनिरीक्षक आकाश यादव को मृत घोषित कर दिया। आकाश यादव मूल रूप से जौनपुर जनपद के रहने वाले थे और पुलिस विभाग में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात थे।
वहीं, हादसे में घायल 27 वर्षीय कांस्टेबल प्रदीप कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सक उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
मौके पर पहंचे एसएसपी
हादसे की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर भी घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटना की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने मेडिकल कॉलेज दर्शननगर पहुंचकर घायल कांस्टेबल का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
पुलिस ने गिट्टी लदे ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और टक्कर की वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर सकती है। घटना के बाद मृतक उपनिरीक्षक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।