संभल में यातायात पुलिस के भीतर आपसी आरोप-प्रत्यारोप का मामला सामने आया है, जिसने विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां तैनात टीएसआई दुष्यंत कुमार बालियान पर उसी विभाग के हेड कांस्टेबल जय भगवान ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
हेड कांस्टेबल का कहना है कि टीएसआई उनसे व्यक्तिगत रंजिश रखते हैं और लगातार उन्हें परेशान करने की कोशिश कर रहे हैं। उनका आरोप है कि टीएसआई अवैध रूप से ट्रकों का संचालन कराते हैं और जब उन्होंने ऐसे एक डंपर का चालान किया था, तभी से वे उनके निशाने पर हैं। जय भगवान के मुताबिक, कांवड़ यात्रा के दौरान की गई कार्रवाई के बाद से ही उनके प्रति टीएसआई का रवैया बदल गया।
इस बात के बाद बढ़ा विवाद
मंगलवार सुबह की घटना को लेकर विवाद और बढ़ गया। उस दिन जय भगवान की ड्यूटी बहजोई कट पर गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़े एक प्वाइंट पर लगाई गई थी। इसी दौरान ड्यूटी की जांच करने पहुंचे टीएसआई को वह मौके पर नहीं मिले, जिसके बाद उनकी अनुपस्थिति की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। हालांकि, हेड कांस्टेबल का कहना है कि वह सुबह समय पर ड्यूटी पर पहुंच गए थे, लेकिन अचानक शौच लगने के कारण पास के पेट्रोल पंप के शौचालय में चले गए थे। उन्होंने दावा किया है कि इसके समर्थन में उनके पास वीडियो फुटेज भी मौजूद है।
इस पूरे मामले के बाद जय भगवान का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उन्होंने खुले तौर पर टीएसआई पर आरोप दोहराए हैं। वहीं, टीएसआई दुष्यंत कुमार बालियान ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि ड्यूटी के दौरान कर्मी मौके पर नहीं मिले, इसलिए नियमानुसार रिपोर्ट दर्ज की गई।
एसपी ने दिए जांच के आदेश
उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप निराधार हैं और केवल बचाव के लिए लगाए जा रहे हैं। फिलहाल मामला अब पुलिस अधीक्षक तक पहुंच चुका है, जहां दोनों पक्षों की बात सुनी जा रही है। आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर तय की जाएगी।