Delhi: मुकुंदपुर में पुलिस टीम पर भीड़ का हमला, ईंट-डंडों की मार से तीन पुलिसकर्मी घायल

Share This

दिल्ली के मुकुंदपुर में एक बाइक की कार्रवाई को लेकर शुरू हुआ विवाद पुलिसकर्मियों पर हमले तक पहुंच गया। शनिवार को जनता विहार इलाके में हुई इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। आरोप है कि मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस टीम पर मिर्च पाउडर फेंका और ईंट-पत्थरों के साथ लाठी-डंडों से हमला किया। घटना के बाद इलाके में पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है।

ये है मामला

मामला भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, पेट्रोलिंग के दौरान हेड कांस्टेबल दिनेश और राजेश ने एक बाइक को जांच के लिए रोका था। वाहन के कागजात पूरे नहीं मिलने पर पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद बाइक से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने लगे।

कुछ देर की कहासुनी के बाद हालात बिगड़ गए। पुलिस का आरोप है कि भीड़ ने अचानक जवानों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में मिर्च पाउडर का भी इस्तेमाल किया गया। इसी दौरान दिनेश के सिर पर चोट लगी। उन्हें गंभीर चोट आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्थिति संभालने के लिए जब हेड कांस्टेबल टीनू मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं छोड़ा। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे पुलिस जांच में शामिल कर रही है। हमले में घायल तीनों पुलिसकर्मियों का अस्पताल में इलाज कराया गया।

शुरू हुई जांच

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक 17 वर्षीय नाबालिग को पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक, सुनील उर्फ पंकज इस मामले में प्रमुख आरोपियों में शामिल है और उसके खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस वीडियो फुटेज समेत दूसरे सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *