गोरखपुर। पहली पत्नी से वैवाहिक संबंध खत्म किए बिना दूसरी शादी करने के आरोप में डायल 112 के एक पुलिसकर्मी के खिलाफ महिला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। गाजीपुर निवासी उसकी पत्नी ने पुलिस से शिकायत करते हुए पति पर दूसरी शादी के अलावा घरेलू खर्च से मुंह मोड़ने और मारपीट करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये है मामला
शिकायतकर्ता बिंदू यादव गाजीपुर के करीमुद्दीनपुर इलाके की रहने वाली हैं। उनका कहना है कि वर्ष 2010 में उनकी शादी सुनील कुमार यादव से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी 14 साल की और बेटा 10 साल का है। महिला के मुताबिक, सुनील पुलिस विभाग में आरक्षी हैं और मौजूदा समय में गोरखपुर के बेलीपार क्षेत्र में डायल 112 की सेवा में तैनात हैं।
बिंदू ने पुलिस को बताया कि कुछ समय से एक महिला उनके पति के मोबाइल पर लगातार संपर्क करती थी। कथित तौर पर उक्त महिला ने खुद को सुनील के करीब बताते हुए यह दावा किया कि दोनों ने शादी कर ली है और साथ रह रहे हैं। इसके बाद पति का परिवार के प्रति रवैया भी बदल गया। आरोप है कि उन्होंने पत्नी और बच्चों की जरूरतों के लिए पैसे देना लगभग बंद कर दिया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आर्थिक मदद नहीं मिलने के कारण बच्चों की स्कूल फीस जमा नहीं हो सकी, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हुई। बिंदू का आरोप है कि जब उन्होंने पति से बच्चों के खर्च और परिवार की जिम्मेदारियां उठाने की बात कही तो उनके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया।
एसएसपी से की शिकायत
मामले को लेकर महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। उन्होंने पति के खिलाफ कार्रवाई करने और पत्नी-बच्चों की जिम्मेदारी सुनिश्चित कराने की मांग की। शिकायत की जांच के बाद महिला थाना पुलिस ने आरक्षी सुनील कुमार यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। महिला थाना प्रभारी सुनीता सिंह के अनुसार, प्रकरण की विवेचना जारी है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।