गोरखपुर में पुलिस विभाग से निलंबित एक सिपाही अब राजनीति में कदम रखने की तैयारी में है। डॉयल-112 में तैनाती के दौरान लंबे समय तक ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले श्याम सुंदर चौहान की सक्रियता इन दिनों संतकबीर नगर की धनघटा विधानसभा सीट पर दिखाई दे रही है। वह समाजवादी पार्टी के कार्यक्रमों में पहुंचकर मंच साझा कर रहा है और क्षेत्र में खुद को पार्टी के संभावित दावेदार के तौर पर पेश कर रहा है। मामला सामने आने के बाद गोरखपुर पुलिस ने इसकी विभागीय जांच शुरू कर दी है।
ये है मामला
श्याम सुंदर चौहान 1994 बैच का सिपाही है और संतकबीर नगर के महुली क्षेत्र के नैना झाला गांव का रहने वाला है। वर्ष 2023 में कुशीनगर से तबादले के बाद उसे गोरखपुर में डॉयल-112 की जिम्मेदारी मिली थी। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह लंबे समय से ड्यूटी पर नहीं पहुंच रहा था। करीब तीन महीने पहले अधिकारियों ने उसे निलंबित कर दिया था। हालांकि, निलंबन के बाद भी उसके पुलिस लाइन में उपस्थित होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
इसी बीच उसकी राजनीतिक गतिविधियों के फोटो और पोस्ट सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। धनघटा क्षेत्र के लोहरेया में आयोजित सपा की संगठनात्मक बैठक में वह मंच पर नजर आया। यहां उसने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की बात कही। कई तस्वीरों में वह सपा नेताओं के साथ दिखाई दे रहा है और पार्टी की लाल टोपी पहने हुए है।
श्याम सुंदर का कहना है कि वह सपा की नीतियों से प्रभावित है और कई वर्षों से क्षेत्र में लोगों के बीच काम कर रहा है। उसका दावा है कि पुलिस सेवा में रहते हुए वह लोगों के लिए अपनी इच्छा के मुताबिक काम नहीं कर पा रहा था। इसी वजह से उसने चुनाव लड़ने के बारे में सोचा।
एसएसपी ने बैठाई जांच
अब पुलिस यह भी पता लगा रही है कि गैरहाजिरी के बावजूद उसकी हाजिरी किस स्तर पर दर्ज होती रही। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि सिपाही पहले ही निलंबित हो चुका है और मामले की विभागीय जांच एसपी क्राइम कर रहे हैं। राजनीतिक गतिविधियों से संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।