पीटीएस प्रमुख एसपी ब्रजेश मिश्र ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान तीन नए आपराधिक कानूनों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा फॉरेंसिक साइंस, साइबर अपराध और महिलाओं से संबंधित अपराधों की विवेचना को भी प्राथमिकता दी गई है। इसका उद्देश्य नए दरोगाओं को बदलते अपराध के तरीकों के अनुरूप तैयार करना है, ताकि वे आधुनिक चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकें।
फायरिंग और ड्राइविंग के लिए लगाए गए सिमुलेटर
प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने के लिए विद्यालय में फायरिंग और ड्राइविंग की आधुनिक व्यवस्था की गई है। इसके लिए विशेष सिमुलेटर स्थापित किए गए हैं। प्रशिक्षु वास्तविक फील्ड प्रशिक्षण के साथ इन सिमुलेटर पर भी अभ्यास करेंगे। इससे उन्हें अलग-अलग परिस्थितियों में निर्णय लेने और ड्यूटी के दौरान आने वाली चुनौतियों से निपटने का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा।
हॉस्टल से लेकर लाइब्रेरी तक बेहतर सुविधाएं
प्रशिक्षुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में हॉस्टल, क्लासरूम, मेस, मनोरंजन गृह और लाइब्रेरी की व्यवस्थाएं बेहतर की गई हैं। इसके साथ ही फीजियोथेरेपी कक्ष, मॉडल थाना और हॉस्पिटल की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। आउटडोर और इनडोर प्रशिक्षण के लिए कुशल अध्यापकों की नियुक्ति की गई है।
एसपी ब्रजेश मिश्र ने कहा कि सभी प्रशिक्षुओं से अनुशासन में रहकर प्रशिक्षण पूरा करने की अपेक्षा है। प्रशिक्षण के दौरान अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।