बुलंदशहर में पुलिस का बड़ा एक्शन, 50 हजार का इनामी नसीम मुठभेड़ में मारा गया

Share This

बुलंदशहर। दिल्ली में सनसनीखेज समीर हत्याकांड के आरोपी नसीम उर्फ रिजवान का गुरुवार देर रात बुलंदशहर में पुलिस से सामना हो गया। सिकंदराबाद क्षेत्र में अलीगढ़-गाजियाबाद हाईवे स्थित सुखलालपुर मोड़ के पास हुई मुठभेड़ में नसीम गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस कार्रवाई में यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट, दिल्ली क्राइम ब्रांच और बुलंदशहर पुलिस की टीमें शामिल थीं।

पुलिस के अनुसार, नसीम दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके का रहने वाला था। दिल्ली पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। वह 16 नवंबर को दिल्ली के सोनिया विहार में समीर की हत्या के मामले में वांछित था। आरोप है कि हमलावरों ने समीर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई थीं। इस वारदात के बाद से ही दिल्ली पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

कई राज्यों में फैला था आपराधिक नेटवर्क

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नसीम का आपराधिक इतिहास काफी लंबा था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और रंगदारी समेत 25 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। इनमें दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई मामले शामिल हैं। गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में भी पुलिस को उसकी तलाश थी।

जांच एजेंसियों के अनुसार, नसीम के तार कथित तौर पर दाऊद इब्राहिम के गिरोह से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई थी। वह दिल्ली के खजूरी खास इलाके में पिछले छह महीनों के दौरान हुई दो हत्याओं के मामलों में भी वांछित बताया जा रहा था।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

गुरुवार रात पुलिस टीमों ने सुखलालपुर मोड़ के पास उसे घेरने का प्रयास किया। इसी दौरान मुठभेड़ शुरू हो गई और दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई। गोली लगने से नसीम घायल हो गया। पुलिस उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब मुठभेड़ से जुड़े घटनाक्रम और उसके आपराधिक नेटवर्क की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *