फतेहपुर जिले में पुलिस की वर्दी पर लगे दाग को साफ करने के लिए एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने ऐसा एक्शन लिया है, जिसकी चर्चा पूरे महकमे में हो रही है। उन्होंने 13 नवंबर से 18 नवंबर के बीच सिर्फ 6 दिन में 11 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया और 3 थानेदारों को लाइन हाजिर कर दिया। कार्रवाई की वजह भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी और ड्यूटी में लापरवाही बताई जा रही है।
दिन के हिसाब से देखें किस पर गिरी गाज
13 नवंबर – सबसे पहले उपनिरीक्षक पवन कुमार और मुख्य आरक्षी अजय सिंह को निलंबित किया गया।
15 नवंबर – इसके बाद उपनिरीक्षक योगेंद्र प्रताप सिंह पर कार्रवाई हुई।
16 नवंबर -अनुचर जितेंद्र पाल को सस्पेंड किया गया।
17 नवंबर – आरक्षी नित्यानंद यादव को निलंबित किया गया।
18 नवंबर -सबसे बड़ी कार्रवाई इसी दिन हुई, जब एक साथ 6 आरक्षियों को सस्पेंड किया गया। इनमें महेश साहनी, अजय यादव, अनुज कुमार सिंह, स्वतंत्र मौर्य, अनिल यादव और दीपक यादव शामिल हैं।
इन गंभीर आरोपों के बाद हुई कार्रवाई
बताया जा रहा है कि गाजीपुर थाने के 6 पुलिसकर्मियों पर 30 हजार रुपये लेकर जुआ खिलवाने का आरोप था। इसके अलावा कुछ पुलिसकर्मियों पर गांजा तस्करों को छोड़ने, अवैध पान मसाला फैक्ट्री को संरक्षण देने और दुष्कर्म के एक मामले में ऑनलाइन रिश्वत लेने जैसे गंभीर आरोप भी लगे थे।
ये 3 थानेदार हुए लाइन हाजिर
घटना का खुलासा न कर पाने और काम में लापरवाही के चलते तीन थानेदारों को भी हटाया गया है। इनमें हुसैनगंज के एसएचओ आलोक पाण्डेय, सुल्तानपुर घोष के थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह और ललौली के थानाध्यक्ष दिवाकर सिंह शामिल हैं।
एसपी की इस सख्ती से विभाग में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी अगर कोई वर्दी का गलत इस्तेमाल करेगा, तो उसके खिलाफ ऐसी ही कार्रवाई होगी।