मुजफ्फरनगर: सिपाही पति और दारोगा जेठ पर दहेज उत्पीड़न का केस, विवाहिता को पीटकर घर से निकाला

Share This

मुजफ्फरनगर। वर्दी का रौब घर के अंदर ही दिखाया गया, ऐसा आरोप एक विवाहिता ने लगाया है। उसने अपने ही पति और जेठ के खिलाफ थाने में शिकायत दी है। दोनों पुलिस विभाग में हैं, एक आगरा में सिपाही है और दूसरा नोएडा में दारोगा बताया जा रहा है। इनके साथ ही परिवार के तीन और लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। कुल पांच लोगों पर दहेज के लिए सताने, मारपीट करने और जान से मारने की कोशिश का मुकदमा दर्ज हुआ है।

ये है मामला

शिकायत के मुताबिक, महिला की शादी इसी साल 20 फरवरी को हुई थी। मायके वालों ने शादी में दिल खोलकर खर्च किया था। जेवरात, सामान और नकद मिलाकर करीब 19 लाख रुपये लगे थे। इसके बाद भी ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ।

महिला का आरोप है कि शादी के अगले ही दिन से घर में ताने शुरू हो गए। कहा गया कि वह दहेज में कुछ खास नहीं लाई। धीरे-धीरे मांग बढ़ती गई और बात स्कॉर्पियो गाड़ी तक आ पहुंची। ससुराल वालों का कहना था कि लड़का पुलिस में है, इसलिए उसके हिसाब से दहेज मिलना चाहिए था।

महिला ने पुलिस को बताया कि 8 मार्च की सुबह विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पांचों आरोपियों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि पति ने उसका गला दबाकर मारने की कोशिश की, जबकि बाकी लोगों ने उसे पीटा। वह किसी तरह चीख-पुकार मचाकर बाहर निकली और अपनी जान बचाई। इसके बाद उसे घर से निकाल दिया गया।

जब मायके वालों ने बीच-बचाव की कोशिश की तो उन्हें भी अपमान झेलना पड़ा। आरोप है कि दारोगा जेठ ने उनसे गाली-गलौज और बदतमीजी की। तब से महिला अपने मायके में ही रह रही है। उसका कहना है कि मांग पूरी करने पर ही उसे अपनाने की बात कही जा रही है, वरना गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी जा रही है।

कोतवाली प्रभारी ने दी जानकारी

नगर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *