लखनऊ। अलीगंज थाना क्षेत्र के पुरनिया चौराहे के पास कोटक महिंद्रा बैंक के मैनेजर अनुराग शुक्ला पर हुए जानलेवा हमले की साजिश का पुलिस ने राजफाश कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, पति की हत्या कराने की साजिश उसकी पत्नी आशी मिश्रा ने अपने प्रेमी और यूपी पुलिस के सिपाही नितिन राणा के साथ मिलकर रची थी। हत्या के लिए छह लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता आशी मिश्रा समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपित की तलाश की जा रही है।
डीसीपी ने दी जानकारी
डीसीपी उत्तरी अमित कुमार आनंद के मुताबिक, 28 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे अनुराग शुक्ला पुरनिया चौराहे के पास केंद्रीय भवन के गेट के नजदीक एक फास्ट फूड दुकान के पास मौजूद थे। तभी बाइक सवार हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके दाहिने हाथ में लगी। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आशी मिश्रा और सिपाही नितिन राणा के बीच वर्ष 2022 से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों की मुलाकात प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान एक पब्लिक लाइब्रेरी में हुई थी। वर्ष 2025 में आशी की शादी अनुराग से हो गई, लेकिन नितिन से उसका संपर्क बना रहा।
6 लाख में दी थी सुपारी
पुलिस के अनुसार, आशी ने पति के मोबाइल में अन्य महिलाओं से बातचीत की जानकारी मिलने के बाद नितिन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद दोनों ने अनुराग को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। नितिन ने अपने परिचित मयंक वशिष्ठ, शुभम शर्मा और अन्य लोगों के साथ मिलकर छह लाख रुपये में हत्या की सुपारी तय की।
आरोपितों ने बागपत से लखनऊ आकर अनुराग की रेकी की और 28 अक्टूबर को उन पर फायरिंग की। पुलिस ने मेरठ से मयंक, शुभम, शिवम राजपूत और सिपाही नितिन को गिरफ्तार किया, जबकि आशी को लखनऊ से पकड़ा। आरोपितों के पास से चार मोबाइल और 1300 रुपये बरामद हुए हैं। फरार आरोपित मनोज राजपूत की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।