आगरा: सोशल मीडिया पर आगरा पुलिस की महिला अधिकारी ACP अमीषा सिंह का 15 सेकंड का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह कुछ लोगों से बातचीत करती नजर आ रही हैं। इसी दौरान एक व्यक्ति उन्हें ‘बहनजी’ कहकर संबोधित करता है, जिस पर ACP अमीषा सिंह तुरंत जवाब देती हैं, ‘मैं बहनजी नहीं हूं।’ इसके बाद सामने खड़ा व्यक्ति कहता है कि हम तो बहन ही कहेंगे, यही हमारी संस्कृति है। इस छोटी-सी बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। आखिर क्या है पूरा मामला और किस वजह से पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत हुई थी? आइए जानते हैं।
15 सेकंड के वीडियो में क्या हुआ?
वायरल वीडियो में ACP अमीषा सिंह कुछ लोगों के साथ बातचीत करती दिखाई देती हैं। इसी दौरान एक व्यक्ति उन्हें बहनजी कहकर बुलाता है। इस पर वह कहती हैं कि वह बहनजी नहीं हैं। जवाब में व्यक्ति कहता है कि हम तो बहन ही कहेंगे, यही हमारी संस्कृति है। इस बातचीत को मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया था। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई।
15 नवंबर को आगरा पहुंचे थे परशुराम दल के कार्यकर्ता
बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला 15 नवंबर का है। उस दिन हरियाणा से परशुराम दल से जुड़े कुछ कार्यकर्ता आगरा पहुंचे थे। उनका उद्देश्य यूजीसी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करना था। कार्यकर्ता राजपुर चुंगी के पास स्थित परशुराम पार्क तक जाना चाहते थे। इस दौरान किले के पास काफी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। इसकी वजह यह थी कि प्रदर्शन और जुलूस निकालने के लिए उनके पास लिखित अनुमति नहीं थी। इस बात को लेकर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। इसके बाद ACP सदर अमीषा सिंह और ACP कोतवाली मौके पर पहुंचीं। दोनों अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की कि बिना अनुमति के जुलूस या प्रदर्शन नहीं किया जा सकता।
मथुरा में प्रदर्शन की अनुमति दिखाने लगे कार्यकर्ता
बातचीत के दौरान परशुराम दल के एक पदाधिकारी ने अपने मोबाइल फोन में मथुरा में हुए प्रदर्शन की अनुमति दिखानी शुरू कर दी। इसी बीच वहां मौजूद एक व्यक्ति ने ACP अमीषा सिंह को बहनजी कहकर संबोधित कर दिया। इस पर ACP ने तुरंत प्रतिक्रिया दी और कहा कि वह बहनजी नहीं हैं। इसी बातचीत का वीडियो रिकॉर्ड होकर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।