लखनऊ। उत्तर प्रदेश में दरोगा भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक नोटिस तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें दावा किया जा रहा था कि वर्ष 2026-27 के लिए उपनिरीक्षक के कुल 3212 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव भेजा गया है। इस नोटिस को देखकर कई अभ्यर्थी इसे सच मान बैठे थे। लेकिन अब उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने इस दावे को पूरी तरह से गलत बताया है।
दिया नोटिस
बोर्ड ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से इस वायरल नोटिस पर सफाई दी है। बोर्ड का कहना है कि सोशल मीडिया पर जो पत्र घूम रहा है, वह फर्जी है। उसमें 3212 पदों के लिए प्रस्ताव भेजे जाने की जो बात लिखी है, उसका कोई आधार नहीं है। बोर्ड के पास इस तरह का कोई प्रस्ताव नहीं आया है और न ही इस तरह का कोई पत्र जारी किया गया है।

वायरल हो रहे फर्जी नोटिस में श्रेणीवार पदों का ब्योरा भी दिया गया था। इसमें अनारक्षित, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए अलग-अलग पद संख्या बताई गई थी। कुल योग 3212 दिखाकर इसे विश्वसनीय बनाने की कोशिश की गई थी। इस पर बोर्ड ने बड़ा सा फर्जी का ठप्पा लगाकर असली सच्चाई सामने रख दी है।
बोर्ड ने दी सलाह
बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें। भर्ती से जुड़ी कोई भी जानकारी सिर्फ बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और आधिकारिक एक्स हैंडल से ही लें। किसी अन्य व्हाट्सएप मैसेज, यूट्यूब वीडियो या सोशल मीडिया पोस्ट पर भरोसा न करें।बोर्ड की इस सफाई के बाद अभ्यर्थियों में फैली भ्रम की स्थिति खत्म हो गई है। बोर्ड ने साफ कहा है कि जब भी भर्ती की प्रक्रिया शुरू होगी, उसकी सूचना आधिकारिक माध्यम से ही दी जाएगी। तब तक अभ्यर्थी अपनी तैयारी जारी रखें और फर्जी खबरों से बचें।